नवरात्रि के पहले दिन से जीएसटी की नई दरें लागू हो रही हैं।

दिल्ली देश के लिए आज एक बड़ी खबर है! प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम 5 बजे राष्ट्र को संबोधित करने वाले हैं। माना जा रहा है कि इस संबोधन में पीएम कुछ बड़े ऐलान कर सकते हैं।

खास बात यह है कि कल यानी 22 सितंबर से माल एवं सेवा कर (GST) में बड़े सुधार लागू होने जा रहे हैं। इन सुधारों से आम लोगों की जेब को बड़ी राहत मिलने वाली है। GST में बदलाव से क्या सस्ता होगा? 22 सितंबर यानी नवरात्रि के पहले दिन से जीएसटी की नई दरें लागू हो रही हैं। सरकार ने 375 से ज्यादा जरूरी और रोजमर्रा की चीजों पर जीएसटी की दरों में कटौती की है। अब रसोई का सामान जैसे घी, पनीर, मक्खन, नमकीन, केचप, जैम, सूखे मेवे, कॉफी और आइसक्रीम सस्ते हो जाएंगे। इतना ही नहीं, बड़े इलेक्ट्रॉनिक प्रोडक्ट्स जैसे टीवी, एयर कंडीशनर (एसी) और वॉशिंग मशीन की कीमतें भी कम होंगी।

कई बड़ी FMCG कंपनियों ने पहले ही अपने प्रोडक्ट्स की कीमतों में कटौती की घोषणा कर दी है। इससे बाजार में सस्ते सामान की उपलब्धता बढ़ेगी और आम आदमी को सीधा फायदा होगा।

दवाएं और मेडिकल उपकरण भी होंगे सस्ते

जीएसटी परिषद ने आम लोगों को राहत देने के लिए दवाओं और मेडिकल उपकरणों पर भी जीएसटी की दरें घटाई हैं। अब ज्यादातर दवाओं और फॉर्मूलेशन पर जीएसटी को 5 प्रतिशत कर दिया गया है। ग्लूकोमीटर और डायग्नॉस्टिक किट जैसे मेडिकल उपकरण भी सस्ते हो जाएंगे। सरकार ने दवा दुकानों को साफ निर्देश दिए हैं कि वे जीएसटी में कटौती का फायदा ग्राहकों को दें और दवाओं का अधिकतम खुदरा मूल्य (MRP) कम करें।

घर बनाने वालों के लिए खुशखबरी

सीमेंट पर जीएसटी को 28 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया गया है। इससे घर बनाने का सपना देख रहे लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। निर्माण लागत में कमी आने से मकान और फ्लैट की कीमतें भी कम हो सकती हैं।

पीएम के संबोधन पर सबकी नजर

प्रधानमंत्री मोदी का आज का संबोधन इसलिए भी खास है क्योंकि माना जा रहा है कि जीएसटी सुधारों के साथ-साथ वे कुछ और बड़े ऐलान कर सकते हैं। नवरात्रि के ठीक पहले इस तरह के कदम से सरकार का मकसद लोगों को आर्थिक राहत देना और त्योहारी सीजन में बाजार को गति देना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *