चौबट्टाखाल (पौड़ी)। उत्तराखंड सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में लगातार प्रदेश का सर्वांगीण विकास करने के साथ-साथ राज्य को लोककल्याणकारी राज्य बनाने की सभी योजनाओं को धरातल पर उतारने का काम कर रही है। प्रदेश सरकार की इन जनकल्याणकारी नीतियों का ही परिणाम है कि इस प्रकार के शिविरों के माध्यम से आम जनता की समस्याओं को सुनकर उनका समाधान करने के साथ-साथ हर प्रकार की सरकारी योजनाओं का लाभ भी उन्हें पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है और इसके लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए हैं।

उक्त बात प्रदेश के पर्यटन, लोक निर्माण, सिंचाई, पंचायतीराज, ग्रामीण निर्माण, जलागम, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री एवं चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने स्वच्छता ही सेवा-2025 पखवाड़ा के अंतर्गत रविवार को राजकीय डिग्री कॉलेज, चौबट्टाखाल में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग करते हुए कही। बहुउद्देशीय शिविर में प्रतिभाग कर रहे सभी प्रबुद्धजनों, पार्टी कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों का अभिनन्दन करते हुए उन्होंने कहा कि हमारी सरकार लगातार प्रदेश का विकास करने में लगी है। विधानसभा क्षेत्र चौबट्टाखाल के अंतर्गत 2022 के बाद इन तीन वर्षों में प्रथम चरण में 53 किलोमीटर सड़कों की स्वीकृति दी गयी, इनमें से अधिकतर मोटरमार्गों का रोड़ कटान का कार्य हो चुका है।