उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। बीते कई दिनों की चटक धूप के बाद सोमवार को राज्य के विभिन्न हिस्सों में झमाझम बारिश देखने को मिली। मौसम में यह बदलाव रविवार रात से ही शुरू हो गया था, जिसकी असरदार झलक सोमवार को तेज बारिश के रूप में नजर आई।
मौसम विभाग के निदेशक सीएस तोमर के अनुसार, उत्तराखंड से मॉनसून की आधिकारिक विदाई हो चुकी है, लेकिन कुछ इलाकों में अब भी पोस्ट-मॉनसून गतिविधियों के चलते बारिश होने की संभावना बनी हुई है। उन्होंने बताया कि इस समय कोई बड़ा मौसम अलर्ट या भारी वर्षा की चेतावनी नहीं है, लेकिन कुछ क्षेत्रों में 2 से 3 घंटे की मध्यम से तेज बारिश हो सकती है।