देहरादून नववर्ष के मद्देनज़र उत्तराखंड पुलिस मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए पूरी तरह अलर्ट मोड में है। इसी क्रम में ऊधम सिंह नगर जिले में पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 40 लाख रुपये की नशीली दवाइयों की खेप बरामद की है। यह सफलता कोतवाली आईटीआई थाना पुलिस और औषधि विभाग की संयुक्त टीम को विशेष अभियान के तहत मिली है। बरामद दवाइयों को जब्त कर अज्ञात तस्करों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि थाना आईटीआई क्षेत्र में नशीली दवाइयों की बड़ी खेप छिपाकर रखी गई है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस और औषधि विभाग की टीम ने दड़ियाल फ्लाईओवर के पास, बाजपुर रोड राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे छापेमारी की। मौके पर पराली के नीचे काली प्लास्टिक की पन्नी में छिपाकर रखी गई 17 गत्ते की पेटियों से भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली दवाइयां बरामद हुईं।