हत्या के मामले का पुलिस ने राजफाश किया

हरिद्वार के पथरी थाना क्षेत्र में हुई गुरुद्वारे के सेवादार सुखपाल सिंह की हत्या के मामले का पुलिस ने राजफाश कर दिया है। सुखपाल सिंह की हत्या अवैध संबंधों में बाधा बनने पर उसकी पत्नी ने ही अपने प्रेमी से करवाई थी। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि 18 मार्च की सुबह शाहपुर शीतला खेड़ा में माड़ी के पास सड़क किनारे एक अज्ञात शव पड़ा मिला था। कुछ घंटे बाद मृतक की शिनाख्त सुखपाल सिंह (49) पुत्र सीताराम निवासी शाहपुर शीतलाखेड़ा थाना पथरी के रूप में हुई थी। 19 मार्च को सुखपाल सिंह के भाई पवन सिंह ने मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कराते हुए अपनी भाभी और उसके प्रेमी पर शक जताया था।

थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार की अगुवाई पुलिस और सीआईयू की टीम ने मामले की जांच शुरू की। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे के साथ ही मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाली गई। जांच में सामने आया कि सुखपाल पंजाब के अमृतसर में एक गुरुद्वारे में सेवादार थे। पत्नी के बुलाने पर ही वह सोमवार को यहां पहुंचे थे। यहां से सुराग मिलने के बाद सुखपाल की पत्नी पर नजर रखते हुए जांच शुरू की गई।
एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि सुखपाल की पत्नी रितु और उसके प्रेमी रितिक निवासी ग्राम टांडा जीतपुर भिक्कमपुर लक्सर को बृहस्पतिवार की शाम हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की गई। इसके बाद दोनों ने पूरा राज उगल दिया और सुखपाल सिंह की हत्या को अंजाम देने की बात कबूल कर ली। बताया कि रितु के रितिक से अवैध संबंध थे। दोनों के संबंधों में सुखपाल बाधा बन रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *