हल्द्वानी– आयुक्त/सचिव मा. मुख्यमंत्री दीपक रावत की अध्यक्षता में शुक्रवार को कैम्प कार्यालय हल्द्वानी में कुमाऊं मण्डल में कार्यदायी संस्था पेयजल निगम द्वारा 5 करोड़ से अधिक लागत की योजनाओं के कार्यों की समीक्षा आयोजित की गई।
समीक्षा के दौरान आयुक्त ने कार्यदायी संस्थाओं को अपूर्ण कार्यों को शीघ्र पूरा कर हैंडओवर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि कार्यदायी संस्था निर्माण कार्य में गुणवत्ता का ध्यान रखें। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। साथ ही आयुक्त ने संस्थानों के परिसरों को हरित (ग्रीन) बनाने पर जोर दिया और निर्देश दिए कि वर्षाकाल में सभी भवन परिसरों में पौधारोपण किया जाए।
समीक्षा के दौरान जी॰एम॰ पेयजल निगम, मृदुला सिंह, ने बताया कि जनपद नैनीताल में 5 करोड़ से अधिक के 8 कार्य प्रगतिशील हैं तथा कुछ कार्य पूर्ण हो चुके हैं।
उन्होंने बताया कि 90 बैड का अत्याधुनिक चिकित्सालय मोतीनगर हल्द्वानी में तैयार हो चुका है, भवन हस्तांतरण की कार्यवाही गतिमान है।
इसके साथ ही काठगोदाम बस टर्मिनल का कार्य 60 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है, समयावधि में कार्य को पूर्ण कर लिया जाएगा। साथ ही रामनगर बस टर्मिनल का कार्य भी गतिमान है, उसे भी समय से पूर्ण कर लिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि भीमताल में 10 बैड का आयुर्वेदिक चिकित्सालय भवन का कार्य भी पूर्ण हो चुका है।
उन्होंने बताया कि हल्द्वानी सुशीला तिवारी चिकित्सालय में परीक्षाकक्ष, अथवा टीबी चिकित्सालय के लिए 60 बैड भवन निर्माण का कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है।