दर्दनाक हादसा छह साल की बच्ची की मौत

देहरादून उत्तराखंड में दर्दनाक हादसा सामने आया है। जिसमें छह साल की बच्ची की मौत हो गई। बच्ची प्लेटफॉर्म पर खेलते-खेलते खानपान स्टॉल के काउंटर पर झूलने लगी, जिससे भारी काउंटर पलट गया और बच्ची उसके नीचे दब गई। इस हादसे के बाद बच्ची को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद बच्ची के परिवार में गम का माहौल है।
यह घटना हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म नंबर एक पर हुई। यहां पीलीभीत, उत्तर प्रदेश के पूरनपुर गांव निवासी अवनीश अपनी पत्नी और बेटी सृष्टि के साथ एम्स ऋषिकेश से लौट रहे थे। अवनीश की पत्नी किडनी रोग से पीड़ित हैं और उनका इलाज ऋषिकेश में चल रहा था। डॉक्टर से परामर्श के बाद परिवार हरिद्वार पहुंचा था और रात की ट्रेन से घर लौटने की तैयारी में था।
रात के समय सृष्टि खेलते-खेलते खानपान स्टॉल के खाली पड़े काउंटर के पास पहुंच गई। खेलते समय वह काउंटर पर झूलने लगी, तभी अचानक काउंटर पलट गया। काउंटर पर रखी भारी पत्थर की स्लैब के कारण उसका वजन अधिक था और यह बच्ची के ऊपर गिर गया। बच्ची की चीख सुनकर उसके माता-पिता और आसपास के यात्री मौके पर पहुंचे और किसी तरह उसे काउंटर के नीचे से निकाला। बच्ची को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *