सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है।

अल्मोड़ा उत्तराखंड में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा हादसा अल्मोड़ा जिले के जैंती क्षेत्र में बृहस्पतिवार देर शाम को हुआ, जब एक ट्रैक्टर ट्रॉली अनियंत्रित होकर लगभग 30 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि वाहन चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा शाम करीब 7:30 बजे बिरखम-जैंती मार्ग पर हुआ। ट्रैक्टर ट्रॉली (चेसिस नंबर MBNAU52AILTL16451) को दीवान सिंह पुत्र मोहन सिंह, निवासी बारा कोट, चौकी जैंती, थाना लमगड़ा चला रहे थे। ट्रॉली में सवार गोपाल राम पुत्र बची राम, निवासी दाड़ीमी, भी उसी चौकी क्षेत्र से थे।
दुर्घटना के बाद दोनों को गंभीर हालत में इलाज के लिए हल्द्वानी रेफर किया गया था। रास्ते में गोपाल राम की तबीयत अधिक बिगड़ने पर उन्हें पदमपुरी स्थित सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। चालक दीवान सिंह का उपचार वर्तमान में सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी में किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *