14 वर्षीय किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म

हरिद्वार। पथरी थाना क्षेत्र के एक गांव में 14 वर्षीय किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव के ही एक किशोर और उसके दो साथियों ने वारदात को अंजाम दिया। पकड़े जाने के डर से आरोपियों ने किशोरी को छत से नीचे फेंक दिया। घटना के बाद से तीनों आरोपी फरार हैं। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर एक नामजद और दो अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, शनिवार को गांव का ही एक किशोर पीड़िता को बहला-फुसलाकर खेत में बने एक घर में ले गया। वहां उसके दो साथी पहले से ही मौजूद थे। आरोप है कि तीनों ने किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। इसी बीच, किशोरी को ले जाते देख चुके कुछ ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और दरवाजा खटखटाने लगे। अपनी पोल खुलते देख आरोपियों ने किशोरी को पीछे के रास्ते से छत से नीचे फेंक दिया और मौके से फरार हो गए।

घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने फेरूपुर पुलिस चौकी पर जमकर हंगामा किया। ग्रामीणों का आरोप था कि पुलिस शुरुआत में तहरीर लेने में आनाकानी कर रही थी। करीब एक घंटे तक चले हंगामे की सूचना पर पथरी थानाध्यक्ष मनोज नौटियाल मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को शांत कराया। उन्होंने तत्काल मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद मामला शांत हुआ।

घायल किशोरी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है। पुलिस बयान दर्ज करने की तैयारी कर रही है। थानाध्यक्ष मनोज नौटियाल ने बताया कि पीड़िता का मेडिकल कराया जा रहा है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एक टीम गठित कर दी गई है और उनकी तलाश में दबिश दी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *