अंतर्गत गौलापार खेड़ा चौराहे के पास शनिवार को हुए दर्दनाक

हल्द्वानी – रफ्तार का कहर एक बार फिर सामने आया है। काठगोदाम थाना क्षेत्र अंतर्गत गौलापार खेड़ा चौराहे के पास शनिवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार युवक की मौत  प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, काठगोदाम की ओर से आ रही वोल्वो बस और लालकुआं की ओर जा रहे स्कूटी सवार की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में स्कूटी बस के अगले हिस्से में बुरी तरह फंस गई, जिसमें युवक भी दब गया।मौके पर पहुंचे स्थानीय लोग और पुलिस ने स्कूटी सवार को निकालने का प्रयास किया, लेकिन युवक बस और स्कूटी के बीच फंस गया था। काफी मशक्कत और गैस कटर से पार्ट्स काटने के बाद उसे बाहर निकाला जा सका, लेकिन तब तक उसने दम तोड़ दिया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि युवक हादसे के बाद काफी देर तक तड़पता रहा। हादसे के चलते हाईवे पर दोनों ओर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की उम्र लगभग 28 वर्ष बताई जा रही है, हालांकि उसकी शिनाख्त अभी तक नहीं हो पाई है। जानकारी मिली है कि युवक ने स्कूटी काठगोदाम से किराए पर ली थी। पुलिस स्कूटी स्वामी को बुलाकर युवक की पहचान की कोशिश कर रही है।

गौरतलब है कि लालकुआं–काठगोदाम हाईवे पर सड़क हादसों का सिलसिला लगातार जारी है। शुक्रवार देर रात भी तेल डिपो के पास स्कूटी और कार की जोरदार टक्कर हुई थी, जिसमें स्कूटी सवार गंभीर रूप से घायल हो गया था, जबकि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *