भारी बारिश के चलते कई स्थानों पर भूस्खलन हुआ,

उत्तराखंड में मानसून का प्रकोप लगातार जारी है और हालात दिन-ब-दिन बदतर होते जा रहे हैं। इस बीच प्रदेश में तबाही का मंजर जारी है। ताजा मामला मसूरी का है, जहां बीती रात हुई मूसलाधार बारिश ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया। भारी बारिश के चलते कई स्थानों पर भूस्खलन हुआ, जिससे सामान्य जनजीवन पूरी तरह से प्रभावित हो गया है।

सुमित्रा भवन, इंदिरा कॉलोनी, जबरखेत, बार्लोगंज के मैरीविल एस्टेट और बाटाघाट जैसे इलाकों में बड़े पैमाने पर भूस्खलन हुआ है। बार्लोगंज में तो हालात और भी गंभीर रहे, जहां पहाड़ी दरकने से पूरी सड़क ही बह गई, जिससे क्षेत्र में आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है।

मसूरी-देहरादून रोड पर भी कई स्थानों पर पेड़ गिरने से यातायात पूरी तरह से ठप हो गया है। प्रशासन द्वारा मार्गों को सुचारू करने के प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन लगातार बारिश राहत कार्यों में बाधा बन रही है।

मसूरी-कैम्पटी रोड पर सिया गांव के पास एक स्कूटी अचानक धंसी सड़क से फिसलकर गहरी खाई में जा गिरी। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई गंभीर जानमाल की हानि नहीं हुई।

एक अन्य घटना में बार्लोगंज क्षेत्र में मिट्टी धंसने से एक स्कूटी खाई में गिर गई। इस हादसे में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत मसूरी उप-जिला चिकित्सालय ले जाया गया। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की हालत अब स्थिर है।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मसूरी के एसडीएम राहुल आनंद ने स्वयं राहत कार्यों की निगरानी शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि बारिश के कारण कई संपर्क मार्ग अवरुद्ध हो गए हैं। संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने पुलिस, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और लोक निर्माण विभाग की टीमें तैनात कर दी हैं।

प्रशासन ने स्थानीय निवासियों और पर्यटकों से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें और सुरक्षित स्थानों पर ही रहें। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में और अधिक बारिश की चेतावनी दी है, जिससे हालात और बिगड़ सकते हैं।

स्थानीय लोगों ने बताया कि कई दिनों बाद उन्होंने इतनी भीषण बारिश देखी। बारिश इतनी जोरदार थी कि लोग पूरी रात घबराए रहे और सो नहीं पाए। सुबह जब उन्होंने बाहर निकलकर मंजर देखा तो हर तरफ तबाही फैली हुई थी — सड़कें टूटी पड़ी थीं, पेड़ गिरे हुए थे और जगह-जगह भूस्खलन से रास्ते बंद हो गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *