गुलदार ने हमला कर किया।

कोटद्वार/सतपुली, उत्तराखंड में पौड़ी गढ़वाल के एकेश्वर ब्लॉक के ग्राम ढंगसोली तल्ली के तोक गांव कुलाड़ीधार में सोमवार सुबह घर के आंगन में झाड़ू लगा रहे व्यक्ति पर गुलदार ने हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल को परिजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगांवखाल ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर पौड़ी रेफर कर दिया गया। उसके सिर पर 26 टांके लगे हैं।

पूर्व प्रधान प्रशांत पांथरी ने बताया कि सोमवार सुबह करीब नौ बजे तोक गांव कुलाड़ीधार निवासी नीरज पांथरी (45) पुत्र मोहन चंद्र घर के आंगन में झाड़ू लगा रहा था। तभी गुलदार ने उस पर हमला कर दिया। घटनास्थल से कुछ दूरी पर खड़ी नीरज की मां सिद्धिलता देवी और भाभी ने जोर-जोर से शोर मचाया। शोर सुनकर अन्य ग्रामीण मौके की ओर दौड़े, जिस पर गुलदार भाग गया। गुलदार के हमले में नीरज के सिर पर गंभीर चोटें आ गईं। परिजन उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगांवखाल ले गए।

चिकित्सालय की नर्सिंग अधिकारी मीना के अनुसार, घायल के सिर में गंभीर चोटें हैं। 26 टांके लगे हैं। इसके अलावा हाथ व मुंह पर भी चोटें आई हैं। चिकित्सकों ने सीटी स्कैन के लिए नीरज को हायर सेंटर पौड़ी रेफर कर दिया है। उधर, दमदेवल के रेंजर आरएस नेगी ने बताया कि मेडिकल रिपोर्ट व आवेदन मिलने के बाद गुलदार के हमले में घायल व्यक्ति को मुआवजा प्रदान किया जाएगा। गुलदार प्रभावित गांव ढंगसोली तल्ली के कुलाड़ीधार तोक में लगे पांच कैमरा ट्रैप व पिंजरे की लोकेशन बदली जा रही है। इसके अलावा मंगलवार को प्रभावित क्षेत्र में तीन कैमरा ट्रैप और लगाए जाएंगे।

एक माह से बनी है गुलदार की दहशत
ग्राम प्रधान मंजू देवी बताया कि पिछले एक माह से गांव में गुलदार की दहशत बनी हुई है। वन विभाग द्वारा गांव में दो पिंजरे भी लगाए गए हैं। इसके बावजूद भी गुलदार ग्रामीणों के घर पहुंचकर हमला कर रहा है। ऐसे में ग्रामीण दहशत में हैं। उन्होंने शासन-प्रशासन से हमलावर गुलदार को मारने के आदेश जारी करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *