ऋषिकेश, । ऋषिकेश के गंगानगर क्षेत्र में एक अत्यंत हृदयविदारक घटना ने पूरे नगर को शोक में डुबो दिया। अपने पिता के पार्थिव शरीर को देखकर पुत्र ने भी सदमे में प्राण त्याग दिए। बुधवार को जब पिता-पुत्र की अर्थियां एक साथ उठीं, तो वातावरण गमगीन हो उठा और हर किसी की आंखें नम हो गईं।
पिता की मौत के सदमे में बेटे ने तोड़ा दिया
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हनुमंतपुरम गंगानगर की लेन नंबर चार निवासी 84 वर्षीय वेद प्रकाश कपूर पिछले एक माह से एम्स ऋषिकेश में भर्ती थे। मंगलवार को उनका निधन हो गया। जब दोपहर में उनका पार्थिव शरीर घर लाया गया, तो उनके छोटे पुत्र 45 वर्षीय सचिन कपूर ने शव देखते ही बेहोश होकर गिर पड़े। परिवारजन तत्काल उन्हें एम्स लेकर पहुंचे, जहाँ चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सुबह सचिन का शव भी घर लाया गया। कुछ ही देर बाद पिता और पुत्र की अर्थियां एक साथ उठीं तो पूरे गंगानगर क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। पिता को बड़े पुत्र प्रदीप कपूर ने मुखाग्नि दी, जबकि पुत्र सचिन को उसके 14 वर्षीय बेटे कमल ने मुखाग्नि दी। परिवार और आसपास के लोग इस दृश्य को देखकर भावुक हो उठे।