मुख्यमंत्री के पूर्व ओएसडी पीसी उपाध्याय के खिलाफ एक और मुकदमा दर्ज हुआ

देहरादून। दिल्ली के एक कारोबारी को टेंडर दिलाने का झांसा देकर 70 लाख रुपये की ठगी करने के मामले में मुख्यमंत्री के पूर्व ओएसडी पीसी उपाध्याय के खिलाफ एक और मुकदमा दर्ज हुआ है। इस मामले में उनके साथ दिल्ली यातायात पुलिस के एएसआई सहित कई अन्य आरोपी भी शामिल हैं।शहर कोतवाल चंद्रभान सिंह अधिकारी के अनुसार, नई दिल्ली के जोर बाग निवासी कारोबारी माणिक खुल्लर की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। खुल्लर ने पुलिस को बताया कि उनका परिचित, दिल्ली यातायात पुलिस में तैनात एएसआई (चालक) आशु मोरे, उन्हें अंजेलिना मोरे, शिवम वत्स, सौरभ वत्स, नंदिनी वत्स, करणवीर, शाहरुख खान और पीसी उपाध्याय से मिलवाया था।

आरोपियों ने खुल्लर को उत्तराखंड के 13 जिलों में ऑफलाइन टेंडर दिलाने का लालच दिया। शुरुआत में 30 लाख रुपये निवेश कराए गए, इसके बाद टेंडर के नाम पर और 48 लाख रुपये वसूले गए। मार्च 2023 में सचिवालय में बैठक कर दस्तावेजों पर हस्ताक्षर भी कराए गए।

जब टेंडर नहीं मिला, तो आरोपियों ने सोलर स्ट्रीट लाइट सप्लाई के एक और टेंडर का झांसा देकर और रुपये ऐंठ लिए। कुल मिलाकर, खुल्लर से 70 लाख रुपये ठग लिए गए, लेकिन अब तक कोई टेंडर नहीं मिला।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इससे पहले भी पीसी उपाध्याय और उनके साथियों पर कई राज्यों में करोड़ों की ठगी के मुकदमे दर्ज हो चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *