रुड़की। देर रात पुलिस मुठभेड़ में घायल हुआ बदमाश सिविल अस्पताल से फरार हो गया। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। वहीं इस घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।
भगवानपुर थाना क्षेत्र के कुंजा बहादुरपुर में सोमवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई थी। जिसमें एक बदमाश अंशुल निवासी हरचंदपुर थाना मंगलौर पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया था। उसका साथी मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने उसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल रुड़की में भर्ती करवाया था। बताया गया है कि बदमाश अस्पताल में दूसरी मंजिल स्थित वार्ड में भर्ती था और पुलिस उसकी निगरानी के लिए तैनात थी। देर रात वह पेशाब करने के लिए उठा और पुलिस से आंखे बचाते हुए फरार हो गया। वहीं मामले की जानकारी पुलिस के आला अधिकारियों को मिली तो हड़कंप मच गया। उसकी तलाश में जगह जगह चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। वहीं मामले में लापरवाह पुलिस कर्मियों पर भी गाज गिरनी तय मानी जा रही है।