सभी प्रस्तुतिकरणों को व्यवस्थित और प्रभावी ढंग से तैयार करने के निर्देश

देहरादून। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह 26 अप्रैल 2025 को उत्तराखंड के दौरे पर आ रहे हैं। इस दौरान वह देहरादून में आयोजित एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे और राज्य के सहकारिता विभाग की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे। केंद्रीय मंत्री के दौरे को लेकर राज्य के सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की और सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

डॉ. धन सिंह रावत ने देहरादून के विधानसभा सभाकक्ष में आयोजित बैठक में बताया कि अमित शाह अपने दौरे के दौरान देहरादून के एफआरआई प्रेक्षागृह में भारतीय बीज सहकारी समिति लिमिटेड के कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद वह उत्तराखंड सहकारिता विभाग की प्रगति की समीक्षा करेंगे। इस बैठक में विभाग द्वारा राज्य में संचालित विभिन्न योजनाओं और नवाचारों की विस्तृत रिपोर्ट पेश की जाएगी। डॉ. रावत ने बताया कि पैक्स समितियों के कम्प्यूटरीकरण, आधुनिक अन्न भंडारण, जनऔषधि केंद्रों की स्थापना, अर्गेनिक बोर्ड, और सहकार से समृद्धि योजना जैसे महत्वपूर्ण कार्यों की प्रगति पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

साथ ही, सहकारी बोर्डों और समितियों में महिलाओं को 33 प्रतिशत प्रतिनिधित्व, सहकारी बैंकों में महिला शाखाओं की स्थापना, माधो सिंह भंडारी सामूहिक खेती योजना, घसियारी कल्याण योजना, प्रगतिशील किसानों के लिए अध्ययन भ्रमण, एफपीओ का गठन, पंडित दीनदयाल उपाध्याय सहकारिता किसान कल्याण योजना, और पैक्स कैडर सेवा नियमावली जैसे नवाचारी कदमों की जानकारी भी केंद्रीय मंत्री के समक्ष प्रस्तुत की जाएगी। डॉ. रावत ने अधिकारियों को सभी प्रस्तुतिकरणों को व्यवस्थित और प्रभावी ढंग से तैयार करने के निर्देश दिए।

बैठक में अपर सचिव एवं निबंधक सहकारिता सोनिका, नाबार्ड के उप महाप्रबंधक आलोक गुप्ता, अपर निबंधक सहकारिता ईरा उप्रेती, राज्य सहकारी बैंक की महाप्रबंधक आकांक्षा कंडारी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरे से सहकारिता क्षेत्र में उत्तराखंड की प्रगति को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *