बदरीनाथ में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला

उत्तराखंड में सनसनीखेज घटना सामने आई है। गढ़वाल मंडल के चमोली जिले के बदरीनाथ में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। शव मिलने के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस के अनुसार, शव के पास एक बैग और मोबाइल फोन बरामद हुआ। बैग की तलाशी लेने पर पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण कागजी दस्तावेज मिले, जिनसे मृतक की पहचान हो सकी। थानाध्यक्ष नवनीत भंडारी ने बताया कि शव की पहचान प्रीतम मजूमदार (उम्र 27), निवासी स्टील टाउन, जिला पश्चिमी वर्धमान, पश्चिम बंगाल के रूप में हुई है। बैग में आधार कार्ड, वोटर आईडी कार्ड और अन्य दस्तावेज मिले, जिनसे मृतक की पहचान की पुष्टि हुई।

पुलिस ने शव का पंचनामा भरने के बाद उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जोशीमठ भेजा। साथ ही मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और प्रथम दृष्टया इसे आत्महत्या से जोड़कर देखा जा रहा है, हालांकि पुलिस अन्य पहलुओं पर भी जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *