हल्द्वानी। शहर के कुछ होटल अनैतिक गतिविधियों के केंद्र बनते जा रहे हैं और इन पर प्रशासन की ढील किसी बड़ी घटना का कारण बन सकती है। ऐसा ही एक मामला जब भोटियापड़ाव क्षेत्र के एक होटल में युवक-युवती के मिलने पर स्थानीय लोगों ने जमकर हंगामा किया।
जानकारी के अनुसार, ठंडी सड़क क्षेत्र की एक गली में स्थित होटल को बिना मानकों के बनाया गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां अक्सर एक समुदाय विशेष का युवक और दूसरे समुदाय की लड़की आते हैं, जिससे क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा है। बुधवार को जब युवक-युवती होटल में पहुंचे, तो लोगों ने विरोध कर हंगामा शुरू कर दिया।
सूचना मिलने पर भोटियापड़ाव पुलिस चौकी और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। कोतवाल राजेश यादव ने दस्तावेजों की जांच की, जिसमें युवक और युवती दोनों बालिग पाए गए। बावजूद इसके, लोगों में नाराज़गी बनी रही और हिंदूवादी संगठन भी मौके पर पहुंच गए।
पुलिस ने स्थानीय लोगों को समझाकर शांत किया और मामले को बढ़ने से रोका। जांच में होटल के एंट्री रजिस्टर में अनियमितताएं पाई गईं, जिस पर होटल प्रबंधन का ₹10,000 का कोर्ट चालान किया गया। वहीं, युवक और युवती का पुलिस एक्ट के तहत चालान किया गया है।
पुलिस ने होटल प्रबंधन को सख्त हिदायत दी है कि किसी भी लोकल व्यक्ति को कमरा देने से पहले उसकी ठोस आवश्यकता और पहचान सुनिश्चित करें। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने होटल के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।