देहरादून। मौसम विभाग ने आज देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और बागेश्वर जिलों के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। विभाग ने इन जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और अति तीव्र वर्षा की भी संभावना जताई है।
प्रदेशभर में बादलों ने डेरा डाल रखा है और लगातार रुक-रुककर बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने 5 अगस्त तक राज्य के सभी जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान अधिकांश क्षेत्रों में तेज वर्षा और भारी बरसात की संभावना बनी हुई है।
मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में बारिश से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने और नदी-नालों के पास न जाने की अपील की है। साथ ही प्रशासन को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।