यूपी। कानपुर में रेलबाजार के होटल में पुलिस ने छापा मारकर सेक्स रैकेट पकड़ा है। पुलिस खुद यहां ग्राहक बनकर पहुंची थी। 16 लोगों को हिरासत में लिया गया है। सभी से पूछताछ की जा रही है। पकड़ी गई चार लड़कियां जाजमऊ और रेलबाजार की हैं। लड़कियों ने बताया कि पैसों का लालच देकर लाया गया था। यह सब कुछ रेलबाजार पुलिस की नाक के नीचे लंबे समय से चल रहा था।
डिलाइट टाकीज से कुछ दूरी पर होटल राजेन्द्रा पैलेस है। पुलिस के मुताबिक यहां लंबे समय से सेक्स रैकेट चलाए जाने की सूचना मिल रही थी। इसी के चलते शनिवार की रात एसीपी अकांक्षा पांडेय ने एक सिपाही को क्लाइंट बनाकर भेजा। मौके पर हर्ष गुप्ता और लोकेश बाजपेयी मिला जिसने लड़कियां उपलब्ध होने की बात कही। सौदा तय होने के बाद सिपाही ने टीम को इशारा किया जिसके बाद पुलिस ने छापा मारा। एसीपी अकांक्षा ने बताया कि मैनेजर हर्ष गुप्ता डे और लोकेश बाजपेयी नाइट मैनेजर है। चार लड़कियां और 10 लड़कों को पकड़ा गया है। सभी से पूछताछ चल रही है। होटल संचालक समेत सभी पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। होटल कांग्रेस नेता राजेश सिंह का है। पहले इसका नाम संतोष राज था। राजेश सिंह ने बताया कि हरदोई निवासी अशोक पटेल और पुनीत कुमार को डेढ़ लाख रुपये मासिक किराये पर होटल दिया था। यहां इस तरह की गतिविधियां चल रही हैं, इसकी जानकारी नहीं है। समझौते में भी स्पष्ट है कि होटल में किसी तरह का अनैतिक, असंवैधानिक अथवा गैरकानूनी कार्य नहीं किया जाएगा।
डीसीपी पूर्वी, सत्यजीत गुप्ता ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को सेक्स रैकेट की शिकायतें मिल रही थीं। लीड मिलने के बाद छापा मारकर यहां से लड़के-लड़कियों को पकड़ा गया है। मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।