चमोली। उत्तराखण्ड में विंटर स्पोर्ट्स इन्फ्रास्ट्रक्चर के सुदृढ़ीकरण एवं औली को अंतर्राष्ट्रीय स्तर के साहसिक खेल गंतव्य के रूप में विकसित करने की दिशा में सरकार लगातार प्रयासरत है। प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज र समय समय पर उत्तराखण्ड में विंटर स्पोर्ट्स इन्फ्रास्ट्रक्चर के लिए अधिकारियों को समय समय पर आवश्यक दिशा-निर्देश देते रहे हैं।

औली उत्तराखंड का एक प्रसिद्ध स्कीइंग गंतव्य और हिल स्टेशन है, जिसे गढ़वाली में “औली बुग्याल” या “घास का मैदान” कहा जाता है। मंगलवार को औली स्थित आइस स्केटिंग रिंक एवं स्कीइंग स्लोप का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के पश्चात आइस स्केटिंग रिंक हेतु आइस स्केटिंग रिंक की मरम्मत एवं ग्राउंड की लेवलिंग, रिंक की चहारदीवारी एवं गेट का निर्माण, तकनीकी स्टाफ एवं चौकीदार हेतु आवासीय कक्ष की व्यवस्था, रेस्टोरेंट एवं क्लब हाउस की मरम्मत, वाटर सप्लाई कार्यों की व्यवस्था, स्केटिंग रिंक हेतु नवीन उपकरणों का प्रावधान, विद्युत कनेक्शन एवं रिंक तक एप्रोच रोड का निर्माण सहित स्कीइंग स्लोप हेतु उपलब्ध स्नो गन के रखरखाव हेतु तकनीकी स्टाफ की नियुक्ति, बौरताल से औली झील तक क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत, स्नो मेकिंग मशीनों का समय-समय पर निरीक्षण तथा स्कीइंग एवं स्नो बोर्डिंग हेतु नवीन उपकरणों के क्रय की कार्यवाही आदि के भी प्रस्ताव प्रेषित रखे गए।
सचिव पर्यटन धीराज सिंह गर्बयाल ने कहा कि जितने भी प्रस्ताव आये हैं वह तीव्र गति से संचालित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि ख़राब इक्विपम्ट्स (equipments) को तत्काल ठीक कर विंटर गेम्स की तैयारी की जाएगी, पर्यटकों के लिए स्केटिंग रिंक को खोला जाएगा ताकि पर्यटक इसका आनंद ले सके और साथ ही स्थानीय लोगों को भी प्रशिक्षित किया जाएगा। इससे न केवल स्थानीय युवाओं का स्किल डेवलपमेंट (skill development) होगा बल्कि रोजगार के नए अवसर भी सर्जित होंगे तथा ग्रामीण क्षेत्र में पलायन की समस्या भी निस्तारित होगी।
साथ ही सचिव पर्यटन द्वारा बताया गया कि यह पहल उत्तराखंड में विंटर टूरिज्म को बढ़ावा देने हेतु एक महत्वपूर्ण पहल है जो कि माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के All weather Tourism के विजन तथा उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह थामी के पर्यटन से रोजगार सृजन के संकल्प को धरातल पर आकार देता है। निश्चित रूप से यह निरीक्षण उत्तराखण्ड में विंटर स्पोर्ट्स इन्फ्रास्ट्रक्चर के सुदृढ़ीकरण एवं औली को अंतर्राष्ट्रीय स्तर के साहसिक खेल गंतव्य के रूप में विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
निरीक्षण के अवसर पर आईटीबीपी औली के कमांडेंट रतन सिंह सोनाल, सहायक कमांडेंट विजेन्द्र सिंह, पर्यटन विभाग से साहसिक खेल अधिकारी सुश्री सीमा नौटियाल, दीपक रावत, क्षेत्रीय प्रबंधक (जीएमवीएन), अनिल बेलवाल, अध्यक्ष, आइस हॉकी एसोसिएशन ऑफ उत्तराखण्ड, शिव पैन्यूली, अध्यक्ष, आइस स्केटिंग एसोसिएशन सहित अन्य पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।